रिकॉर्ड कीमत पर बिकी डॉन ब्रैडमैन की टेस्ट कैप

IMG-20260127-WA0068

मेलबर्न: ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज़ डोनाल्ड ब्रैडमैन की बैगी ग्रीन कैप हाल ही में गोल्ड कोस्ट में नीलाम हुई। यह वही कैप है जिसे ब्रैडमैन ने १९४७–४८ में भारत के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज़ के दौरान पहना था और बाद में भारतीय क्रिकेटर श्रीरंगा वासुदेव सोहोनी को उपहार में दिया था। सोहोनी परिवार ने इस कैप को ७५ वर्षों तक संभालकर रखा था और इसे कभी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित नहीं किया गया था।
ब्रैडमैन की इस कैप के लिए ४.६० लाख ऑस्ट्रेलियन डॉलर (लगभग 3 करोड़ रुपये) की बोली लगी। कुल मिलाकर १६.५ प्रतिशत प्रीमियम जोड़ने के बाद अंतिम कीमत ५,३५,९०० ऑस्ट्रेलियन डॉलर (लगभग ३.४० करोड़ रुपये) रही। यह अब तक ब्रैडमैन की किसी भी कैप के लिए लगाई गई सबसे ऊंची बोली है।
इस कैप पर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का लोगो और १९४७–४८ अंकित है। लॉयड ऑक्शंस ने इसकी नीलामी कराई। मुख्य परिचालन अधिकारी ली होम्स के अनुसार, सोहोनी परिवार की अंतिम इच्छा थी कि यह कैप ऑस्ट्रेलिया में ही रहे। नीलामी में ऑस्ट्रेलिया, भारत और ब्रिटेन के खरीदारों ने गहरी रुचि दिखाई।
अब इस कैप को ऑस्ट्रेलिया के किसी प्रमुख संग्रहालय में प्रदर्शित किया जाएगा। कैप पर ब्रैडमैन और सोहोनी दोनों के नाम अंकित हैं। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच यह सीरीज़ ब्रैडमैन की अंतिम घरेलू सीरीज़ थी। इसके बाद उन्होंने १९४८ में ९९.९४ के औसत के साथ क्रिकेट से संन्यास लिया था।
यह भारतीय टीम की स्वतंत्र भारत के बाद पहली विदेशी यात्रा थी, जिसमें लाला अमरनाथ की कप्तानी में टीम ने पांच टेस्ट मैच खेले थे। ऑस्ट्रेलिया ने यह सीरीज़ ४–० से जीती थी।

About Author

Advertisement