नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को झारखंड के जमशेदपुर जिले के कदमा क्षेत्र में श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परमार्थ केंद्र न्यास की आधारशिला रखी और भूमि पूजन किया। पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रों के उच्चारण के बीच राष्ट्रपति ने भूमि पूजन किया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और टाटा स्टील के सीईओ एवं एमडी टीवी नरेंद्रन उपस्थित थे। रांची हवाई अड्डे पर उतरने के बाद मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी।
श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परमार्थ केंद्र ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी और उद्योगपति एस. के. बेहरा के अनुसार यह केंद्र ओडिशा के पुरी स्थित १२वीं शताब्दी के जगन्नाथ मंदिर की प्रतिकृति होगा। इसे खरखाई नदी के किनारे २.५ एकड़ भूमि पर लगभग १०० करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा।
बेहरा ने कहा कि इस परियोजना से झारखंड में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और यह युवा पीढ़ी के चरित्र निर्माण व नैतिक विकास के केंद्र के रूप में कार्य करेगा।








