कल्याण बनर्जी ने कलकत्ता उच्च न्यायालय में चुनाव आयोग के फैसले को चुनौती दी
कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस के सांसद और वरिष्ठ वकील कल्याण बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के तबादले के निर्वाचन आयोग के आदेश को चुनौती देते हुए कलकत्ता उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।
बनर्जी ने इस मामले में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को प्रतिवादी बनाया है। उन्होंने मुख्य न्यायाधीश सुजॉय पाल की अध्यक्षता वाली खंडपीठ के समक्ष याचिका पर शीघ्र सुनवाई की मांग की।
मामले से जुड़े वकीलों के अनुसार, इस याचिका पर संभवतः अगले सप्ताह की शुरुआत में सुनवाई हो सकती है। याचिका में यह सवाल उठाया गया है कि अधिकारियों के तबादले से पहले राज्य सरकार से परामर्श क्यों नहीं किया गया।
गौरतलब है कि १५ मार्च को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की घोषणा के कुछ ही घंटों के भीतर निर्वाचन आयोग ने मुख्य सचिव, गृह सचिव और डीजीपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला कर दिया था।
२९४ सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए मतदान २३ और २९ अप्रैल को दो चरणों में होगा, जबकि मतगणना ४ मई को की जाएगी।









