कोलकाताः पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि उनकी सरकार भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए भूमि उपलब्ध कराने में कोई आपत्ति नहीं करेगी, लेकिन केंद्र को पहले राज्य में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकार क्षेत्र को १६ किलोमीटर से बढ़ाकर ५० किलोमीटर करने के “मनमाने” फैसले को रद्द करना होगा।
राज्य विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान बनर्जी ने कहा, ‘‘भूमि कोई समस्या नहीं होगी। आपको भूमि मिल जाएगी, लेकिन पहले बीएसएफ के अधिकार क्षेत्र को १५ किलोमीटर से बढ़ाकर ५० किलोमीटर करने के मनमाने नियम को बदलें।’’
मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा दी गई भूमि का पूरा डेटा उपलब्ध नहीं करा रहे हैं। शाह ने हाल ही में आरोप लगाया था कि राज्य सीमा पर बाड़ लगाने के लिए भूमि उपलब्ध नहीं करा रहा है।
बनर्जी ने स्पष्ट किया कि बीएसएफ सहित सभी केंद्रीय संगठनों और एजेंसियों को पहले ही भूमि आवंटित की जा चुकी है, इसलिए भूमि उपलब्ध कराने में कोई समस्या नहीं है।










