नई दिल्ली: राज्यसभा में सांसद हर्षवर्धन श्रृंगला ने स्मार्ट सिटी मिशन के परिणामों को लेकर प्रश्न उठाते हुए परियोजनाओं की प्रगति, उनके पूर्ण होने की स्थिति तथा नगर प्रशासन और जनसेवाओं में हुए सुधारों के बारे में विस्तृत जानकारी मांगी। उन्होंने कहा कि इन अनुभवों का महत्व विशेष रूप से उनके क्षेत्र के लिए है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हाल ही में प्रस्तुत “जीवंत सिलिगुड़ी – दृष्टि २०४७” विषयक प्रस्तुति में उन्होंने बताया कि किस प्रकार सुनियोजित आधुनिक नगर योजना, उन्नत यातायात व्यवस्था, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और ज्ञान आधारित संस्थान सिलिगुड़ी को उत्तर बंगाल और पूर्वी हिमालय क्षेत्र का एक प्रमुख विकास केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने आगे कहा केंद्र सरकार ने जानकारी दी कि मिशन के अंतर्गत कुल १ लाख ६४ हजार करोड़ रुपये की लागत से लिए गए ८०६४ परियोजनाओं में से १ लाख ५६ हजार करोड़ रुपये की ७७८४ परियोजनाएं पहले ही पूरी की जा चुकी हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से १०० शहरों में स्मार्ट सड़कें, डिजिटल प्रशासन प्रणाली, बेहतर जल आपूर्ति निगरानी व्यवस्था, उन्नत सुरक्षा ढांचा और आधुनिक जनसेवा सुविधाएं विकसित की गई हैं।
अन्त में सांसद ने कहा कि स्मार्ट सिटी मिशन जैसे सफल मॉडलों से सीख लेकर सिलिगुड़ी, दार्जिलिंग और पूरे उत्तर बंगाल क्षेत्र में बेहतर संपर्क, मजबूत आधारभूत संरचना और लोगों के लिए अधिक अवसर सुनिश्चित किए जा सकते हैं। इससे क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।










