रणवीर सिंह को फिर धमकी

698b34535b9b9-ranveer-singh-received-threatening-message-photo-itg-103614202-16x9

नई दिल्ली: अभिनेता रणवीर सिंह को एक बार फिर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी मिली है। इस बार अभिनेता के साथ निर्देशक रोहित शेट्टी और उनकी पूरी टीम को जान से मारने की धमकी दी गई है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, खुद को गैंग का करीबी बताने वाले ‘हरि बॉक्सर’ नामक व्यक्ति ने ऑडियो संदेश जारी कर धमकी दी। संदेश में कहा गया है कि पुलिस में शिकायत करने से कोई फायदा नहीं होगा और रणवीर सिंह के साथ काम करने वाले मैनेजर व अन्य स्टाफ को निशाना बनाया जा सकता है।
ऑडियो संदेश में अभिनेता को चेतावनी देते हुए कहा गया कि उनके साथ ऐसा व्यवहार किया जाएगा कि “आने वाली सात पीढ़ियां याद रखेंगी।” इसमें यह भी दावा किया गया कि गैंग के पास उनके सहयोगियों और कर्मचारियों की पूरी जानकारी है।
गौरतलब है कि इसी महीने रणवीर सिंह के मैनेजर को व्हाट्सऐप पर एक वॉइस नोट भेजकर एक से १० करोड़ रुपये के बीच फिरौती की मांग की गई थी। प्रारंभिक जांच में संदेश भेजने के लिए वीपीएन के इस्तेमाल की बात सामने आई थी, जिससे लोकेशन छिपाई जा सके।
धमकी के बाद मुंबई पुलिस ने रणवीर सिंह और उनकी पत्नी दीपिका पादुकोण के आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है। इससे पहले रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग और अभिनेता आयुष शर्मा को ईमेल से धमकी मिलने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।

About Author

Advertisement