दुबई: संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की सेना ने दावा किया है कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम और सैन्य हेलीकॉप्टरों ने ईरान की ओर से आने वाली कई मिसाइलों और ड्रोन को उनके लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही मार गिराया।
यूएई के रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया है। इसमें संयुक्त अरब अमीरात जॉइंट एविएशन कमांड के एएच-64डी अपाचे अटैक हेलीकॉप्टरों को कार्रवाई करते हुए दिखाया गया है।
वीडियो के अनुसार, रडार सिस्टम ने पहले आसमान में आने वाले मानवरहित हवाई वाहनों (यूएवी) और मिसाइलों का पता लगाया। इसके बाद उन्हें ट्रैक किया गया और एयर डिफेंस सिस्टम के जरिए हवा में ही नष्ट कर दिया गया।
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि देश की सुरक्षा और संप्रभुता के मामले में किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। यूएई सशस्त्र बलों ने यह भी कहा कि वे देश के खिलाफ किसी भी हमले या खतरे को रोकने और उसका जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
मंत्रालय के अनुसार, कथित “ईरानी आक्रामकता” शुरू होने के बाद से अब तक कुल १८९ बैलिस्टिक मिसाइलों का पता लगाया गया है। इनमें से १७५ मिसाइलों को एयर डिफेंस सिस्टम ने हवा में ही मार गिराया, जबकि १३ मिसाइलें जमीन तक पहुंचने से पहले समुद्र में गिर गईं। अधिकारियों का कहना है कि केवल एक मिसाइल ही यूएई की जमीन पर गिरी।
इसके अलावा कुल ९४१ ईरानी ड्रोन का भी पता लगाया गया। इनमें से ८७६ ड्रोन को इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया गया, जबकि ६५ देश के भीतर गिर गए।
रक्षा मंत्रालय ने यह भी बताया कि आठ क्रूज मिसाइलों का पता लगाया गया और उन्हें भी सफलतापूर्वक मार गिराया गया।
शनिवार शाम दुबई और अबू धाबी में सायरन और अलार्म की आवाजें सुनी गईं। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक ये आवाजें एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने और लड़ाकू विमानों द्वारा ड्रोन को नष्ट किए जाने के कारण थीं।









