नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से पश्चिम एशिया में जारी संकट पर फोन पर चर्चा की। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने इसकी जानकारी दी।
गोर ने सोशल मीडिया पर बताया कि दोनों नेताओं ने क्षेत्र की मौजूदा स्थिति पर विचार-विमर्श किया, जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने के महत्व पर भी जोर दिया गया।
हालांकि बातचीत का विस्तृत ब्योरा सामने नहीं आया है, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि ट्रंप ने अपने संभावित अगले कदमों को लेकर मोदी से विचार साझा किए होंगे। इससे आने वाले दिनों में पश्चिम एशिया में महत्वपूर्ण घटनाक्रम की संभावना जताई जा रही है।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने संसद में भी इस संकट पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात ने वैश्विक अर्थव्यवस्था को प्रभावित किया है और क्षेत्र में हुए नुकसान की भरपाई में काफी समय लगेगा। भारत पर इसका न्यूनतम असर हो, इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
मोदी ने यह भी कहा कि भारत ने इस संकट के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति का रास्ता अपनाने पर जोर दिया है। उन्होंने बताया कि वे पश्चिम एशिया के कई देशों के नेताओं से बातचीत कर चुके हैं और भारत ईरान, इजराइल और अमेरिका के साथ भी लगातार संपर्क में है।









