मोदी के नाम पर चुनाव लड़ रही भाजपा, मुख्यमंत्री का चेहरा अभी भी अनिश्चित

others_0_4_8

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर चल रही अटकलों के बीच भाजपा ने स्पष्ट किया है कि इस विषय में अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने कहा कि चुनाव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके विकास के एजेंडे के नाम पर लड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए नेता नया हो या पुराना, यह महत्वपूर्ण नहीं है। जो भी व्यक्ति जनता के बीच तृणमूल कांग्रेस के कथित कुशासन के खिलाफ लड़ने वाला दिखेगा, वही जीत के बाद पार्टी का चेहरा बन सकता है।
भट्टाचार्य ने इस चुनाव को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी की तुष्टीकरण की राजनीति के खिलाफ सीधी लड़ाई बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा परंपरागत रूप से मुख्यमंत्री उम्मीदवार की घोषणा नहीं करती और अन्य राज्यों में भी बिना चेहरा घोषित किए जीत हासिल की गई है।
उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा स्पष्ट बहुमत हासिल करेगी, हालांकि सीट संख्या या दो-तिहाई बहुमत के बारे में टिप्पणी करने से उन्होंने इनकार किया। भवानीपुर से शुभेंदु अधिकारी को उतारने को उन्होंने ममता बनर्जी के गढ़ में सीधी चुनौती बताया।
घुसपैठ को मुख्य मुद्दा बताते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी की नीति स्पष्ट रहेगी—पहचान, हिरासत और निर्वासन। उनके अनुसार यह चुनाव केवल दो दलों के बीच नहीं, बल्कि एक निर्णायक सभ्यतागत संघर्ष भी है।

About Author

Advertisement