मुस्ताफिज़ुर रहमान को आईपीएल से बाहर किए जाने के बाद बांग्लादेश का भारत में टी२० विश्व कप मैच खेलने से इनकार का संकेत

IMG-20260104-WA0062

नई दिल्ली: आईपीएल से बांग्लादेश के तेज़ गेंदबाज़ मुस्ताफिज़ुर रहमान को बाहर किए जाने का मामला अब गंभीर होता जा रहा है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) को देश के खेल मंत्रालय ने निर्देश दिया है कि वह आईसीसी से अनुरोध करे कि टी२० विश्व कप के दौरान बांग्लादेश के मैच भारत के बजाय श्रीलंका में कराए जाएँ।
खेल मंत्रालय का कहना है कि मुस्ताफिज़ुर को आईपीएल से हटाए जाने के बाद खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। उल्लेखनीय है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शनिवार को आईपीएल फ्रेंचाइज़ी कोलकाता नाइट राइडर्स को मुस्ताफिज़ुर रहमान को टीम से रिलीज़ करने का निर्देश दिया था, जिसके बाद फ्रेंचाइज़ी ने उन्हें बाहर कर दिया। केकेआर ने हाल ही में हुई मिनी नीलामी में मुस्ताफिज़ुर को ९.२० करोड़ रुपये में खरीदा था।
बीसीबी अध्यक्ष और बांग्लादेश के पूर्व कप्तान अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने इस विषय पर हुई आपात बैठक के बाद सार्वजनिक टिप्पणी करने से परहेज़ किया। वहीं, बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के खेल मंत्री आसिफ नज़रुल ने बीसीबी को आईसीसी अध्यक्ष जय शाह से संपर्क कर बांग्लादेश के चार लीग मैच श्रीलंका में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया है। बांग्लादेश को ये मैच कोलकाता और मुंबई में खेलने थे।
बीसीसीआई ने स्पष्ट किया है कि टूर्नामेंट शुरू होने में केवल एक महीना शेष होने के कारण कार्यक्रम में किसी भी तरह के बदलाव की संभावना नहीं है।
इस बीच बांग्लादेश सरकार ने देश में आईपीएल के प्रसारण को निलंबित करने पर भी विचार शुरू कर दिया है।

About Author

Advertisement