काेलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का विमान बृहस्पतिवार को कोलकाता लौटते समय भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण एक घंटे से अधिक समय तक देरी से उतरा। मुख्यमंत्री पश्चिम बर्द्धमान जिले के अंडाल में चुनावी रैलियों में शामिल होकर कोलकाता लौट रही थीं, तभी मौसम खराब हो गया और हवाई अड्डे पर विमान परिचालन प्रभावित हुआ।
मुख्यमंत्री एक चार्टर्ड विमान में यात्रा कर रही थीं, जो अंडाल हवाई अड्डे से अपराह्न लगभग ३:२० बजे उड़ान भरी थी और उसे कोलकाता में करीब 4 बजे उतरना था। हालांकि, अचानक भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण विमान समय पर नहीं उतर सका। उसे आकाश में एक घंटे से अधिक समय तक चक्कर लगाने पड़े। हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘विपरीत मौसमी परिस्थितियों के कारण मुख्यमंत्री का विमान कोलकाता में कुछ देर तक उतर नहीं पाया।’’
इस दौरान हवाई अड्डे के परिसर में स्थिति बेहद भयावह हो गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवाओं से पुलिस के अस्थायी शेड उड़ गए, वीआईपी सुरक्षा के लिए लगाए गए भारी बैरिकेड्स पलट गए और रनवे के पास खड़ी गाड़ियां तक हिलने लगीं। खराब दृश्यता और प्रतिकूल मौसम के कारण पायलट के कई प्रयास विफल हो गए। स्थिति इतनी गंभीर हो गई थी कि विमान को अन्यत्र मोड़ने की संभावना पर भी विचार किया गया, लेकिन विमान में पर्याप्त ईंधन था।
अंततः मौसम में सुधार होने के बाद पायलट ने विमान को सुरक्षित लैंड कराया। अधिकारी के अनुसार, खराब मौसम के कारण हवाईअड्डे पर विमान परिचालन लगभग २० मिनट के लिए अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया था। मुख्यमंत्री का विमान आखिरकार शाम ५:१९ बजे सुरक्षित रूप से कोलकाता हवाई अड्डे पर उतर गया।









