गान्ताेक: सिक्किम की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और राज्य सरकार द्वारा संचालित विकास योजनाओं का अध्ययन करने सिक्किम पहुँचे मुंबई और महाराष्ट्र के वरिष्ठ पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने आज राज्यपाल ओमप्रकाश माथुर से राजभवन में शिष्टाचार भेंट की।
मुम्बई प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज जालनावाला के नेतृत्व में आए इस दल में मराठी, हिन्दी और अंग्रेज़ी के प्रमुख दैनिक पत्रों के वरिष्ठ पत्रकार शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल सिक्किम में पर्यटन विस्तार, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण, जैव-विविधता संरक्षण तथा राज्य–केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन कर रहा है।
राज्यपाल माथुर ने पत्रकारों का स्वागत करते हुए सिक्किम के सतत विकास मॉडल, अनुशासित ट्रैफिक व्यवस्था, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी विस्तार से साझा की।
इस दौरान पत्रकारों ने वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम, सीमा क्षेत्रों में बुनियादी ढाँचे को मजबूत करने, तथा पर्यटन को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक नीतिगत पहलों पर राज्यपाल से गहन चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह भ्रमण उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक साबित हुआ है। उन्होंने राज्यपाल का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि सिक्किम की विकास यात्रा, प्राकृतिक सौंदर्य और सुशासन के पहलू अब महाराष्ट्र के लाखों पाठकों तक पहुँच पाएँगे।










