महिलाओं की सुरक्षा के लिए नई पहल की घोषणा

CREATOR: gd-jpeg v1.0 (using IJG JPEG v80), quality = 82?

कोलकाता: मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को महिलाओं की सुरक्षा और आत्मविश्वास को और मजबूत करने के लिए कोलकाता में दो नई पहलों की घोषणा की। ये पहल कोलकाता पुलिस द्वारा शुरू की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि शहर के प्रमुख चौराहों पर कई ऑल-वुमन ‘पिंक बूथ’ स्थापित किए जाएंगे। ये बूथ शाम से आधी रात तक संचालित रहेंगे।
उन्होंने कहा, “मेरी शहर की बहनें इन बूथों पर तैनात महिला पुलिस अधिकारियों से सीधे संपर्क कर किसी भी प्रकार की सहायता प्राप्त कर सकेंगी।” इस पहल का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और उन्हें तत्काल मदद उपलब्ध कराना है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने ‘शाइनिंग’ नाम से ऑल-वुमन मोबाइल पेट्रोल टीमों की तैनाती की भी घोषणा की। ये टीमें रात ८ बजे से २ बजे तक ईएम बाइपास और अन्य प्रमुख सड़कों पर गश्त करेंगी। ये वे मार्ग हैं जिनका उपयोग बड़ी संख्या में कामकाजी महिलाएं देर रात करती हैं। सरकार का मानना है कि नियमित गश्त से सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।
ममता बनर्जी ने कहा कि कोलकाता वर्षों से देश का सबसे सुरक्षित शहर रहा है और ये “विशिष्ट नई पहल” महिलाओं की सुरक्षा को और सुदृढ़ करेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इन कदमों से महिलाओं में सुरक्षा और भरोसे की भावना और बढ़ेगी।
गौरतलब है कि हाल ही में दिल्ली सीएम ने पश्चिम बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए थे। ऐसे में इन नई पहलों को राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है।
कोलकाता पुलिस द्वारा इन योजनाओं की कार्यप्रणाली और तैनाती संबंधी विस्तृत जानकारी जल्द साझा किए जाने की संभावना है।

About Author

Advertisement