ममता बनर्जी का धरना चौथे दिन भी जारी, धरना स्थल पर गाया रवींद्र संगीत

Screenshot_20260309_200157_Instagram

काेलकाता: ममता बनर्जी का धरना सोमवार को चौथे दिन भी जारी रहा। उन्होंने कोलकाता के एस्प्लेनेड मेट्रो चैनल पर चल रहे धरना स्थल पर कलाकारों के साथ रवींद्र संगीत गाया।
ममता ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोग धरना स्थल पर पर्चे बाँट रहे हैं। इन पर्चों में नरेंद्र मोदी की १४ मार्च को कोलकाता में होने वाली रैली का प्रचार बताया गया है। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से ऐसे लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी दूसरे दल के कार्यक्रम में इस तरह पर्चे बाँटना गलत है। उन्होंने राज्य मंत्री शशि पांजा को इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का निर्देश भी दिया।
यह धरना ६ मार्च से शुरू हुआ है। ममता का आरोप है कि वोटर लिस्ट की स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (एसआईआर) प्रक्रिया में कई लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं और इससे चुनावी प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
इस बीच भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कोलकाता पहुंचने पर भी विरोध प्रदर्शन हुआ। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के समर्थकों ने काले झंडे दिखाकर “गो बैक” के नारे लगाए। उनका आरोप है कि एसआईआर प्रक्रिया में कई मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं।
आधिकारिक आँकड़ों के अनुसार, एसआईआर प्रक्रिया शुरू होने के बाद लगभग ६३.६६ लाख वोटरों के नाम सूची से हटाए गए हैं, जिससे मतदाताओं की संख्या लगभग ७.६६ करोड़ से घटकर करीब ७.०४ करोड़ रह गई है।

About Author

Advertisement