नई दिल्ली: टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक दिलाने वाले कप्तान और पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली टीम के सदस्य दिग्गज हॉकी खिलाड़ी मनप्रीत सिंह, दिलप्रीत सिंह और गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक को गंभीर अनुशासनहीनता के आरोप में टीम से बाहर कर दिया गया है। इस फैसले को लेकर भारतीय हॉकी में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है, क्योंकि मुख्य कोच क्रेग फुल्टन खुलकर मनप्रीत के समर्थन में सामने आए हैं।
मनप्रीत को राष्ट्रीय शिविर के लिए संभावित खिलाड़ियों की सूची से बाहर किए जाने के फैसले का फुल्टन ने विरोध किया था। हॉकी इंडिया के इस निर्णय से असंतुष्ट होकर उन्होंने इस्तीफा देने पर भी विचार किया था। हालांकि, अंततः हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की और टीम प्रबंधन भारतीय मुख्य कोच को समझाने में सफल रहे।
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, राउरकेला में १ से ७ फरवरी तक चलने वाले शिविर के लिए ३३ संभावित खिलाड़ियों की सूची में मनप्रीत को शामिल न किए जाने के फैसले को फुल्टन ने ‘बाहरी हस्तक्षेप’ बताया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मनप्रीत पिछले साल दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन से जुड़े एक मामले में शामिल थे।
सूत्रों का कहना है कि दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान मनप्रीत, दिलप्रीत और कृष्ण बहादुर ने एक खिलाड़ी को प्रतिबंधित नशीला च्यूइंग गम दिया था, जिससे उस खिलाड़ी की तबीयत बिगड़ गई। सीनियर खिलाड़ियों के इस व्यवहार को हॉकी इंडिया ने गंभीरता से लिया है। इसके बाद ही दो बार के ओलंपिक कांस्य पदक विजेता मनप्रीत को १५ साल में पहली बार कोर संभावित खिलाड़ियों की सूची से बाहर किया गया।
संभावित खिलाड़ियों के नाम तय करने के लिए हुई बैठक में हॉकी इंडिया के अध्यक्ष तिर्की, महासचिव भोलानाथ सिंह और मुख्य चयनकर्ता आरपी सिंह ने मिलकर मनप्रीत को बाहर करने का फैसला लिया, जिससे फुल्टन चिंतित हो गए। उस समय फुल्टन ने यह तर्क दिया कि मनप्रीत युवा खिलाड़ियों के लिए एक मेंटर हैं और उन्हें टीम में बनाए रखा जाना चाहिए। हालांकि, हॉकी इंडिया सीनियर खिलाड़ियों के गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार से नाराज़ था।
इस मुद्दे को लेकर नाराज़ होकर फुल्टन ने हाल ही में समाप्त हुई हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के चेन्नई चरण के एक दिन बाद इस्तीफा देने का प्रस्ताव भी दिया था। बाद में अध्यक्ष तिर्की के समझाने पर वह इस बात पर सहमत हुए कि अनुभवी खिलाड़ियों को आराम दिया गया है—ऐसा आधिकारिक बयान जारी किया जाए। उल्लेखनीय है कि एचआईएल के दौरान भी फुल्टन लगातार मनप्रीत की फिटनेस और फॉर्म की सराहना करते रहे थे।
मुख्य कोच चाहते हैं कि मनप्रीत कम से कम इस साल एशियन गेम्स और वर्ल्ड कप तक राष्ट्रीय टीम के लिए खेलें। अगस्त में वर्ल्ड कप और सितंबर में एशियन गेम्स आयोजित होने हैं।










