इम्फाल: मणिपुर पुलिस ने इम्फाल पूर्व और इम्फाल पश्चिम जिलों में संचालित समन्वित अभियान में प्रतिबंधित संगठन केसीपी (पीडब्लुजी) के तीन सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया है।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, गिरफ्तार किए गए कैडरों की पहचान इस प्रकार की गई है- थंगजाम याइफाबा मैतेई उपनाम रवि या पिक्रू (३२), लैतोंजम रमाकान्त मैतेई उपनाम बोथे (३५) और थोंगजाम हेरोजित उपनाम गुडुपाओ (३९)। सभी को उनके निजी आवास से गिरफ्तार किया गया।
इस अभियान के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने तीन मोबाइल हैंडसेट और दो आधार कार्ड भी जब्त किए। पुलिस के अनुसार, यह अभियान उक्त समूह की गतिविधियों के संबंध में प्राप्त गुप्त विशिष्ट जानकारी के आधार पर संचालित किया गया था।
इसके अलावा, ३ अप्रैल को तेंगनौपाल जिले के मोरेह पुलिस थाना अंतर्गत यांगौबुंग गांव के पास सीमा स्तंभ ७२ और ७३ के बीच क्षेत्र से बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक जब्त किए गए। जब्त वस्तुओं में एक एके-४७ राइफल (मैगजीन सहित), दो ९एमएन पिस्टल (मैगजीन सहित), चार डेटोनेटर, आठ बैटरी, एक टैक्टिकल रेडियो सेट, एक प्राथमिक उपचार किट और १६,८०० क्यात म्यांमार मुद्रा शामिल हैं।
सुरक्षाकर्मियों ने घटनास्थल से १६ इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) भी जब्त किए, जिन्हें वहीं नष्ट कर दिया गया।









