भारत–पाकिस्तान मुकाबले पर वर्षा का साया

IMG-20260214-WA0064

कोलंबो: टी२० विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले बहुप्रतीक्षित मुकाबले में अब केवल एक दिन शेष है। लंबे समय से प्रतीक्षित इस भिड़ंत का आयोजन रविवार को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होना निर्धारित है। गत वर्ष एशिया कप फाइनल के बाद दोनों टीमों की यह पहली टक्कर होगी।
हालांकि, मैच से पूर्व मौसम को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। श्रीलंका के मौसम विभाग ने रविवार को कोलंबो में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण वर्षा की प्रबल संभावना है।
पूर्वानुमान के मुताबिक दिन की शुरुआत अधिक आर्द्रता के साथ होगी और तापमान ३० से ३१ डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। दोपहर के समय आंधी के साथ भारी वर्षा होने की संभावना ५० से ७० प्रतिशत तक जताई गई है।
भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला रात ७ बजे से शुरू होना है, किंतु उससे पहले वर्षा होने की आशंका व्यक्त की गई है। ऐसी स्थिति में टॉस में विलंब या ओवरों की संख्या में कटौती संभव है। हालांकि, अनुमान यह भी है कि रात 8 बजे के बाद मौसम कुछ हद तक साफ हो सकता है, यद्यपि बीच-बीच में हल्की वर्षा से इंकार नहीं किया जा सकता।
आर. प्रेमदासा स्टेडियम की जल-निकासी व्यवस्था सुदृढ़ मानी जाती है। वर्षा की स्थिति में भी मैदानकर्मी शीघ्र ही खेल योग्य परिस्थिति तैयार करने में सक्षम हैं। यहां न केवल पिच बल्कि पूरे मैदान को कवर्स से ढकने की सुविधा उपलब्ध है, जिससे मैच संपन्न कराने की संभावना बनी रह सकती है।

About Author

Advertisement