हरारे: भारत ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए आईसीसी अण्डर-१९ क्रिकेट वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया। शुक्रवार को खेले गए फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को १०० रन से पराजित किया। यह भारत की अंडर-१९ वर्ल्ड कप में छठी जीत है। इससे पहले भारत ने २०००, २००८, २०१२, २०१८ और २०२२ में भी खिताब जीता था।
कप्तान आयुष म्हात्रे की अगुवाई में भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने ५० ओवर में ९ विकेट पर ४११ रन का विशाल स्कोर बनाया। ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने रिकॉर्ड तोड़ १७५ रन की पारी खेली, जिसमें उन्होंने १५ चौके और १५ छक्के लगाए। कप्तान म्हात्रे ने ५१ गेंदों में ५३ रन बनाये। इसके अलावा अभिज्ञान कुंडु (४०), कनिष्क चौहान (३७, अविजित), वेदान्त त्रिवेदी (३२) और विहान मल्होत्रा (३०)* ने भी योगदान दिया।
ईंग्लैंड की ओर से जेम्स मिंटो ने ३ विकेट लिए। विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड लगातार विकेट गंवाता रहा। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए सालेब फाल्कोनर ने ६७ गेंदों में ११५ रन बनाए लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। ओपनर बेन डकिन्स ने ६६ और बेन मायेस ने ४५ रन का योगदान दिया। इंग्लैंड पूरी टीम ४०.२ ओवर में ३११ रन पर ऑल आउट हुई। भारत की ओर से आरएस अम्ब्रिस ने सर्वाधिक ३ विकेट लिए।









