भारत के खिलाफ मैच बहिष्कार से पाकिस्तान को भारी नुकसान होने का दावा

IMG-20260128-WA0062

दुबई: टी२० वर्ल्ड कप से पहले चल रहे विवादों ने पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया है। भारत में मैच न खेलने की ज़िद पर अड़े रहने के कारण आईसीसी ने पहले बांग्लादेश को इस वैश्विक टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। बांग्लादेश के बाहर होने के बाद अब पाकिस्तान ने नाटक शुरू कर दिया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ से मुलाकात की है। इसके बाद यह चर्चा तेज़ हो गई है कि पाकिस्तान या तो टूर्नामेंट का बहिष्कार कर सकता है या भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर सकता है। हालांकि, इस तरह के फैसले के गंभीर कानूनी और आर्थिक परिणाम सामने आ सकते हैं।
दरअसल, टी२० वर्ल्ड कप २०२६ को लेकर पाकिस्तान में चल रही राजनीति और कूटनीति ने क्रिकेट के मैदान के बाहर भी हलचल मचा दी है। पीसीबी ने अन्य क्रिकेट बोर्डों की तरह आईसीसी के मेंबर पार्टिसिपेशन एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए हैं, जो कानूनी रूप से बाध्यकारी है। ऐसे में किसी टूर्नामेंट या मैच का बहिष्कार करना सीधे तौर पर आईसीसी के नियमों का उल्लंघन होगा। इससे पीसीबी पर प्रतिबंध लग सकता है और प्रसारकों द्वारा मुकदमा दायर किए जाने की भी संभावना है।
भारत और पाकिस्तान के बीच मैच को विश्व क्रिकेट का सबसे अधिक देखा जाने वाला मुकाबला माना जाता है। रेवस्पोर्ट्स की रिपोर्ट के अनुसार, केवल इस मैच से विज्ञापन, ब्रांडेड प्रोग्रामिंग और स्पॉन्सरशिप के ज़रिए लगभग ३८ मिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब ३४८ करोड़ रुपये) की कमाई जुड़ी होती है। यदि पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार करता है, तो प्रसारक पीसीबी के खिलाफ मुआवज़े का मुकदमा दायर कर सकते हैं। इससे बोर्ड को भारी आर्थिक नुकसान हो सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, करीब ३४८ करोड़ रुपये की आय सीधे तौर पर भारत–पाकिस्तान मैच पर निर्भर रहती है।
पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने सोमवार को प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ से मुलाकात की। बैठक में हालात पर चर्चा हुई, लेकिन कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया। नकवी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि प्रधानमंत्री के साथ अच्छी बैठक हुई और उन्हें आईसीसी से जुड़े मामलों की जानकारी दी गई। उन्होंने सभी विकल्प खुले रखते हुए समाधान निकालने का निर्देश दिया है। अंतिम निर्णय शुक्रवार या आने वाले सोमवार को लिया जा सकता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यदि पाकिस्तान अपनी खोखली धमकियों और ज़िद पर अड़ा रहकर वर्ल्ड कप में खेलने से इनकार करता है, तो आईसीसी सख़्त कार्रवाई कर सकता है। आईसीसी पाकिस्तान पर कई तरह के प्रतिबंध लगा सकता है, जिनमें किसी भी द्विपक्षीय सीरीज़ का निलंबन शामिल है। यानी कोई भी टीम पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज़ नहीं खेलेगी। इतना ही नहीं, पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में विदेशी खिलाड़ियों को खेलने से रोका जा सकता है और उन्हें अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा, पाकिस्तान की टीम एशिया कप में भी हिस्सा नहीं ले पाएगी।
दिलचस्प बात यह है कि पीसीबी का आर्थिक मॉडल आईसीसी की आय, पाकिस्तान सुपर लीग और प्रसारण अधिकारों पर निर्भर करता है। इसके अलावा, यदि पाकिस्तान टी२० वर्ल्ड कप में खेलने से इनकार करता है, तो टूर्नामेंट में बांग्लादेश की दोबारा एंट्री हो सकती है। पाकिस्तान को हाइब्रिड मॉडल के तहत अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलने हैं। ऐसे में पाकिस्तान के पीछे हटने पर बांग्लादेश को टूर्नामेंट में शामिल किया जा सकता है। इससे बांग्लादेश की श्रीलंका में मैच खेलने की मांग भी पूरी हो जाएगी और पाकिस्तान को उचित सबक भी मिल जाएगा।

About Author

Advertisement