भारत के खिलाफ मैच न खेलने का फैसला सही, बांग्लादेश के समर्थन में हैं: पीएम शहबाज शरीफ

2026_2image_11_01_188024462pm-shahbaz-sharif-expla

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भारत के खिलाफ टी२० विश्व कप मैच न खेलने के फैसले को सही ठहराते हुए कहा कि यह निर्णय बांग्लादेश के समर्थन में “सोच-समझकर” लिया गया है। पाकिस्तान सरकार ने अपनी क्रिकेट टीम को १५ फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाला मैच नहीं खेलने का निर्देश दिया है।
इससे पहले सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में खेलने से इनकार करने पर बांग्लादेश को विश्व कप से बाहर कर दिया गया था और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया। सरकार की बैठक के बाद शहबाज शरीफ ने कहा, “हमने टी२० विश्व कप को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है कि हम भारत के खिलाफ नहीं खेलेंगे, क्योंकि खेल के मैदान पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा, “हमने यह फैसला पूरी सोच-समझ के साथ लिया है और हम पूरी तरह बांग्लादेश के साथ खड़े हैं। मुझे लगता है कि यह बिल्कुल सही निर्णय है।”
इस पर बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरूल ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “धन्यवाद पाकिस्तान।”
इस बीच आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को चेतावनी दी है कि इस ‘हाई-प्रोफाइल’ मुकाबले को नहीं खेलने पर गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। हालांकि, पाकिस्तानी टीम अपने बाकी लीग मैच खेलने के लिए कोलंबो पहुंच चुकी है। पीसीबी ने स्पष्ट किया है कि अगर भारत से मुकाबला नॉकआउट चरण में होता है, तो वह सरकार की सलाह के अनुसार फैसला करेगा।
गौरतलब है कि तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को बीसीसीआई के निर्देश पर आईपीएल से बाहर किए जाने के बाद बांग्लादेश ने भारत में खेलने से इनकार कर दिया था। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने इस फैसले का कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया, लेकिन बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों के बीच यह निर्णय लिया गया।

About Author

Advertisement