भारत के खिलाफ पहले वनडे मैच में ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम की ६ विकेट से जीत

IMG-20260224-WA0078

ब्रिसबेन: ऑस्ट्रेलिया ने पहले महिला वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट मैच में भारत को ६ विकेट से हराया। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की श्रृंखला में १-० की बढ़त हासिल कर ली।
मंगलवार को ब्रिसबेन के एलन बॉर्डर फील्ड में खेले गए इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ४८.३ ओवर में २१४ रन पर ऑल आउट हो गई। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने ३८.२ ओवर में ४ विकेट पर २१७ रन बनाकर मैच जीत लिया।
भारत की पारी में कप्तान हरमनप्रीत कौर और उपकप्तान स्मृति मंधाना ने अर्धशतक बनाया। स्मृति ने ६८ गेंद में ७ चौकों की मदद से ५८ रन बनाये जबकि हरमनप्रीत ने ८४ गेंद में ३ चौकों की मदद से ५३ रन बनाये। भारत की शुरुआत खराब रही और टीम ५२ रन पर ३ विकेट खो चुकी थी। वहां से स्मृति और हरमनप्रीत ने मिलकर स्कोर १०० रन तक पहुँचाया।
इन दो सीनियर बल्लेबाजों के अलावा आठवें नंबर पर उतरी काशवी गौतम ने ४३ रन का योगदान दिया। उन्होंने ३ छक्के और ३ चौके लगाए। रिचा घोष ने २३ रन बनाये।
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों में एश्ली गार्डनर ने सर्वाधिक ३ विकेट लिए।
२१४ रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम को कप्तान एलिसा हिली और फोबे लीचफील्ड (३२ रन) की ओपनिंग जोड़ी ने अच्छी शुरुआत दिलाई। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए १०.३ ओवर में ५५ रन की साझेदारी की।
इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने लीचफील्ड और जॉर्जिया व्हॉल का विकेट ५५ रन पर खो दिया। वहां से हिली ने बेथ मूनी के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए ६४ रन की साझेदारी की। हिली ने ७० गेंद में ४ चौकों की मदद से ५० रन बनाये।
हिली के आउट होने के बाद मूनी ने एनाबेल सदरलैंड के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए ८५ रन की साझेदारी की। मूनी ने ७९ गेंद में ५ चौके और २ छक्कों की मदद से ७६ रन बनाये। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने आसानी से मैच जीत लिया।
सदरलैंड ४८ रन पर अविजित रहीं। उन्होंने ४४ गेंद में ४ चौके और १ छक्का लगाया। एश्ली गार्डनर ५ रन पर अविजित रहीं।
भारतीय गेंदबाजों में श्री चरणी ने २ विकेट लिए।

About Author

Advertisement