भारत के अजेय अभियान पर विराम, दक्षिण अफ्रीका से ७६ रन की हार

IMG-20260222-WA0086

अहमदाबाद: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद पुरुष ट्वेंटी-ट्वेंटी विश्व कप के समूह चरण में अपराजित रहने वाली भारतीय टीम को सुपर आठ चरण के अपने पहले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध ७६ रन से पराजय का सामना करना पड़ा। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को खेले गए इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने २० ओवर में ७ विकेट खोकर १८७ रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की पूरी टीम १८.५ ओवर में १११ रन पर सिमट गई।
दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने केवल २० रन पर ३ विकेट गंवा दिए। इसके बाद डेविड मिलर और डेवाल्ड ब्रेविस ने पारी को संभालते हुए चौथे विकेट के लिए ९७ रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। मिलर ने ३५ गेंदों में ७ चौके और ३ छक्कों की सहायता से ६३ रन बनाए, जबकि ब्रेविस ने २४ गेंदों में ३ चौके और ३ छक्कों के साथ ४४ रन जोड़े।
इन दोनों के आउट होने के बाद ट्रिस्टन स्टब्स ने २४ गेंदों में नाबाद ४४ रन की उपयोगी पारी खेली, जिसमें ३ छक्के और एक चौका शामिल था। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने सर्वाधिक ३ विकेट हासिल किए।
१८८ रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत भी निराशाजनक रही। टीम ने ५१ रन तक पहुंचते-पहुँचते ५ विकेट खो दिए। शीर्ष क्रम में अभिषेक शर्मा ने १५, तिलक वर्मा ने १, कप्तान सूर्यकुमार यादव ने १८ और वाशिंगटन सुंदर ने ११ रन बनाए, जबकि ईशान किशन बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए।
मध्यक्रम में शिवम दुबे ने संघर्षपूर्ण ४२ रन की पारी खेली। उन्होंने ३७ गेंदों में ३ छक्के और एक चौका लगाया, किंतु उन्हें अन्य बल्लेबाजों का अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। हार्दिक पांड्या ने १८ रन बनाए, जबकि रिंकू सिंह शून्य पर आउट हुए।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से मार्को यानसन ने सर्वाधिक ४ विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त कर दिया। इस हार के साथ सुपर आठ चरण में भारत के अभियान को बड़ा झटका लगा

About Author

Advertisement