नई दिल्ली: वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को कहा कि भारत और अमेरिका के बीच बहुप्रतीक्षित व्यापार समझौता अंतिम चरण में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें भारत के कृषि और दुग्ध क्षेत्र के हितों के साथ कोई समझौता नहीं किया गया है।
गोयल ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के हंगामे के कारण संसद में इस समझौते पर खुलकर चर्चा नहीं हो सकी।
मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के व्यक्तिगत संबंधों के कारण भारत को एक अच्छा समझौता हासिल हुआ है। उन्होंने कहा कि यह समझौता गरीब, मछुआरे, किसान और युवाओं के लिए नए अवसर खोलेगा।
गोयल ने कहा कि समझौते के तहत भारतीय वस्तुओं पर अमेरिका द्वारा लगाए जाने वाले जवाबी शुल्क ५० प्रतिशत से घटकर १८ प्रतिशत हो जाएगा, जो भारत के उज्ज्वल भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत है।










