सिलीगुड़ी: शहर में लगातार हो रही आग लगने की घटनाओं और दमकल विभाग पर लग रहे लापरवाही के आरोपों को लेकर सिलीगुड़ी के भाजपा विधायक शंकर घोष शनिवार को सिलीगुड़ी फायर ब्रिगेड कार्यालय पहुंचे। यह निरीक्षण देशबंधु पाड़ा में हाल ही में हुई भीषण आग की घटना के बाद किया गया, जहां पीड़ित परिवारों ने समय पर दमकल सेवा नहीं मिलने और खराब तकनीकी व्यवस्था की शिकायत की थी। आरोप है कि घटनास्थल पर पहुंची दमकल की पानी वाली गाड़ियों में तकनीकी खराबी थी, जिसके कारण आग पर काबू पाने में देरी हुई और पीड़ित परिवारों को भारी नुकसान झेलना पड़ा। इसके अलावा लंबे समय से दमकल विभाग में बुनियादी ढांचे और जरूरी उपकरणों की कमी को लेकर भी स्थानीय लोगों में नाराजगी है। इन्हीं शिकायतों के मद्देनजर विधायक शंकर घोष ने दमकल कार्यालय में विभाग की तैयारियों, उपकरणों की स्थिति और समग्र व्यवस्था की समीक्षा की तथा अधिकारियों से विस्तार से बातचीत की। निरीक्षण के बाद विधायक ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है और दमकल विभाग की कार्यप्रणाली व संसाधनों में जल्द सुधार नहीं हुआ तो भविष्य में बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती है।










