भवानीपुर से शुभेन्दु अधिकारी ने शुरू किया चुनाव प्रचार, ममता बनर्जी पर तीखा हमला

Screenshot_20260321_205952_Facebook

काेलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेन्दु अधिकारी ने शनिवार दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से अपना चुनाव प्रचार शुरू किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला भी बोला।
अधिकारी इस बार भवानीपुर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जहां तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार ममता बनर्जी हैं। इसके अलावा वह पूर्वी मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम से भी चुनावी मैदान में हैं, जहां से वह दो बार विधायक रह चुके हैं।
शनिवार को उन्होंने प्रसिद्ध कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना कर अपने अभियान की शुरुआत की। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मुख्यमंत्री के हावभाव में डर और हार का भय स्पष्ट दिख रहा है।
उन्होंने कहा, “संकेत साफ हैं। मुख्यमंत्री ऐसा व्यवहार कर रही हैं मानो उन्हें कांटा चुभ गया हो। जनता समझ चुकी है कि वह डरी हुई हैं।”
भाजपा द्वारा भवानीपुर से उम्मीदवार बनाए जाने पर अधिकारी ने कहा कि इससे पार्टी की गंभीरता स्पष्ट होती है। उन्होंने कहा, “मैं पार्टी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अनुशासित कार्यकर्ता हूं और पार्टी के निर्देशों का पालन करता हूं।”
नेता प्रतिपक्ष ने कोलकाता के रेड रोड पर ईद के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के भाषण की भी आलोचना की और कहा कि इस पवित्र अवसर का राजनीतिक उपयोग नहीं होना चाहिए।

About Author

Advertisement