भद्रपुर में पहली अंतरराष्ट्रीय टी–२० प्रतियोगिता शुरू, आसाम ने जीता उद्घाटन मैच

IMG-20260204-WA0092

भद्रपुर(नेपाल): झापा के मुख्यालय भद्रपुर में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर की कोशी पाथीभरा इंडो–नेपाल टी–२० क्रिकेट प्रतियोगिता आज से शुरू हो गई। उद्घाटन मैच में भारत की राइनोलैंड क्रिकेट एकेडमी (असम) ने जीएचसीए काठमांडू को ४२ रन से हराकर विजयी शुरुआत की।
भद्रपुर क्रिकेट क्लब के आयोजन में भद्रपुर–८ स्थित मेची बहुमुखी कॉलेज के क्रिकेट मैदान में पहले बल्लेबाजी करते हुए आसाम की टीम १८.१ ओवर में ९६ रन बनाकर ऑल आउट हुई। जवाब में काठमांडू की टीम १६.२ ओवर में सिर्फ ५४ रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इस जीत के साथ आसाम को महत्वपूर्ण ३ अंक मिले।
आसाम की ओर से मोहम्मद हबीबुल्ला ने सर्वाधिक १९ रन बनाए, जबकि काठमांडू की ओर से रूपेश श्रीवास्तव ने ४ ओवर में १६ रन खर्च कर ३ विकेट लिए। काठमांडू की ओर से सर्वाधिक १४ रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे, वहीं आसाम की ओर से प्रांजल भराली ने ४ ओवर में सिर्फ ९ रन खर्च कर ३ विकेट लिए।
प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह कोशी प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री हिक्मतकुमार कार्की ने किया। उन्होंने दीप प्रज्वलन के बाद मैदान में बैटिंग कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। भद्रपुर क्रिकेट क्लब के अध्यक्ष आदित्य पराजुली की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में संघ के सचिव केदार महत और भद्रपुर नगरपालिका वार्ड नं. ८ के वार्ड अध्यक्ष गौरव सुब्बा ‘मनोज’ ने स्वागत किया। समारोह में विभिन्न झांकियां भी प्रस्तुत की गईं।
प्रतियोगिता में नेपाल के चार और भारत के चार कुल आठ टीमों ने भाग लिया है। आयोजक भद्रपुर क्रिकेट क्लब के महासचिव वसंत पोखरेल के अनुसार टीमों को दो समूहों में विभाजित किया गया है और अंक तालिका के आधार पर सेमीफाइनल में प्रवेश करने वाली टीमों का निर्णय होगा। प्रतियोगिता फरवरी १२ तक चलने वाली है।
विजेता टीम को पांच लाख रुपये नकद सहित शील्ड मिलेगी, जबकि उपविजेता टीम को तीन लाख रुपये नकद और शील्ड प्रदान की जाएगी। अध्यक्ष पराजुली ने बताया कि प्रतियोगिता को कोशी प्रदेश सरकार द्वारा घोषित पर्यटन वर्ष के तहत आयोजित किया गया है।
नेपाल की ओर से भद्रपुर क्रिकेट क्लब, काठमांडू, सुदूरपश्चिम और गंडकी तथा भारत की ओर से दिल्ली, लखनऊ, आसाम और सिक्किम की टीमें भाग ले रही हैं।
गुरुवार को दो मैच होंगे। पहले मैच में दिल्ली आज की विजेता आसाम से मुकाबला करेगी, जबकि दूसरे मैच में भद्रपुर क्रिकेट क्लब जीएचसीए काठमांडू का सामना करेगा।

About Author

Advertisement