सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट ने शहर को नशामुक्त बनाने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है। मंगलवार देर रात पुलिस ने दक्षिण दिनाजपुर से ब्राउन शुगर की तस्करी कर रहे एक व्यक्ति को रंगेहाथ गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाहजहान सरकार के रूप में हुई है, जिसके पास से लगभग 600 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर एनजेपी थाने की पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने तीनबत्ती मोड़ इलाके में घेराबंदी की थी। तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हुआ। इस अभियान के दौरान एनजेपी थाने के निरीक्षक रंजन दास भी मौजूद थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी दक्षिण दिनाजपुर से बस के जरिए सिलीगुड़ी पहुंचा था और शहर व आसपास के इलाकों में नशीले पदार्थ की आपूर्ति करने की योजना बना रहा था।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।










