नई दिल्ली: बेन डकेट के आईपीएल २०२६ सत्र से हटने के निर्णय से दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा झटका लगा है।
इंग्लैंड के इस स्टार बल्लेबाज़ को दिल्ली कैपिटल्स ने पिछले वर्ष हुई नीलामी में २ करोड़ रुपये में खरीदा था। हालांकि, डकेट ने अब टूर्नामेंट से हटने का फैसला करते हुए कहा है कि वह अपने घर पर समय बिताना चाहते हैं और टेस्ट क्रिकेट के लिए अपनी फॉर्म सुधारने पर ध्यान केंद्रित करेंगे।
आईपीएल के नियमों के अनुसार, इस फैसले के बाद डकेट पर २ वर्षों का प्रतिबंध लग सकता है। ऐसे में वह २०२७ और २०२८ के आईपीएल सत्रों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
डकेट ने अपने बयान में कहा, “यह एक कठिन निर्णय था और मैं दिल्ली कैपिटल्स से क्षमा चाहता हूं। नीलामी में नाम दर्ज कराते समय मुझे यह एक असाधारण अवसर लगा था। दिल्ली जैसी फ्रेंचाइज़ी द्वारा चुना जाना मेरे लिए गर्व की बात थी।”
उन्होंने आगे कहा कि आईपीएल विश्व की सर्वश्रेष्ठ प्रतियोगिताओं में से एक है, जिसमें शीर्ष खिलाड़ी भाग लेते हैं, और भविष्य में इसमें खेलने की उनकी इच्छा बनी रहेगी।
गौरतलब है कि आईपीएल २०२५ से पहले नियमों में संशोधन किया गया था। नए प्रावधानों के अनुसार, यदि कोई विदेशी खिलाड़ी बिना वैध कारण के नीलामी के बाद टूर्नामेंट से हटता है, तो उस पर २ वर्षों का प्रतिबंध लगाया जा सकता है। केवल चोट या चिकित्सीय आपात स्थिति में ही छूट दी जाती है।
हाल के समय में डकेट का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा है। ऐशेज़ श्रृंखला में भी वह संघर्ष करते नजर आए थे, जहां उन्होंने ५ टेस्ट मैचों की १० पारियों में केवल २०२ रन बनाए और एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके।
इसी वजह से उन्हें आईसीसी टी२० विश्व कप के लिए इंग्लैंड की टीम में भी स्थान नहीं मिला।
31 वर्षीय डकेट ने यह भी कहा कि उम्र को देखते हुए भविष्य में आईपीएल में वापसी करना कठिन हो सकता है, लेकिन वह एक दिन दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व करने की आशा रखते हैं।










