बीसीसीआई अध्यक्ष बने मिथुन मन्हास

IMG-20250928-WA0099

मुंबई: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आज पूर्व रणजी ट्रॉफी क्रिकेटर मिथुन मन्हास को नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। दिल्ली के पूर्व कप्तान मन्हास बीसीसीआई के ३७वें अध्यक्ष बने हैं। उन्होंने अनुभवी क्रिकेटर रोजर बिन्नी की जगह ली है, जिन्होंने हाल ही में पद से इस्तीफा दिया था।
बीसीसीआई की ९४वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में मन्हास को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया। पिछले कुछ हफ्तों से उनके नाम की चर्चा तेज थी और अब आधिकारिक घोषणा के साथ ही अटकलों पर विराम लग गया है।
दिल्ली और जम्मू-कश्मीर के पूर्व क्रिकेटर मन्हास अपने लंबे घरेलू करियर और नेतृत्व क्षमता के लिए जाने जाते हैं। उनकी नियुक्ति को भारतीय क्रिकेट प्रशासन में पीढ़ीगत बदलाव के रूप में देखा जा रहा है, जहां हाल ही में सक्रिय रहे क्रिकेटरों को प्रशासनिक जिम्मेदारी दी जा रही है।
मन्हास ने अपने प्रथम श्रेणी करियर में १५७ मैच खेलकर ४५.८२ के औसत से ९,७१४ रन बनाए। इसमें २७ शतक और ४९ अर्धशतक शामिल हैं। लिस्ट ए क्रिकेट में उन्होंने १३० मैचों में ४,१२६ रन बनाए, जिसमें ५ शतक और २६ अर्धशतक रहे। टी२० में भी उन्होंने ९१ मैचों में १,१७० रन बनाए। इसके अलावा उनके नाम प्रथम श्रेणी में 40, लिस्ट ए में २५ और टी२० में ५ विकेट दर्ज हैं।
उन्होंने रणजी ट्रॉफी में दिल्ली की कप्तानी की थी। विराट कोहली ने भी अपने करियर की शुरुआत उनकी कप्तानी में की थी। संन्यास लेने के बाद मन्हास ने कोचिंग में कदम रखा। उन्हें २०१७ में पंजाब किंग्स का सहायक कोच बनाया गया। इसके बाद वह बांग्लादेश अंडर-१९ टीम के बल्लेबाजी सलाहकार बने और फिर भारत लौटकर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर तथा हाल में गुजरात टाइटंस से जुड़े।
अब बतौर बीसीसीआई अध्यक्ष उनके सामने भारतीय क्रिकेट को नई ऊँचाइयों तक ले जाने की चुनौती होगी।

About Author

Advertisement