लखनऊ: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जारी पांच मैचों की टी२० सीरीज़ से पहले ही भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। स्टार ऑलराउंडर अक्षर पटेल बीमारी के कारण सीरीज़ के अंतिम दो मैचों से बाहर हो गए हैं।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोमवार को इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि अक्षर फिलहाल लखनऊ में टीम के साथ हैं और मेडिकल टीम की निगरानी में हैं। चयन समिति ने उनकी जगह ऑलराउंडर शाहबाज अहमद को टीम में शामिल किया है।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी२० मैच में अक्षर पटेल नहीं खेले थे। उस समय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया था कि अक्षर की तबीयत ठीक नहीं है, जबकि तेज गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह निजी कारणों से घर लौट गए थे। अब बीसीसीआई ने स्पष्ट कर दिया है कि लखनऊ और अहमदाबाद में होने वाले अंतिम दो मुकाबलों से अक्षर बाहर रहेंगे।
अक्षर के बाहर होने के बाद ३१ वर्षीय शाहबाज अहमद को टीम में मौका दिया गया है। उन्होंने वर्ष २०२२ में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। अब तक शाहबाज दो टी२० अंतरराष्ट्रीय मैचों में दो विकेट ले चुके हैं, जबकि तीन वनडे मैचों में उनके नाम तीन विकेट दर्ज हैं।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच जारी पांच मैचों की इस टी२० सीरीज़ में मेज़बान भारत फिलहाल २–१ से आगे है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने सीरीज़ का पहला और तीसरा मैच जीता है।
सीरीज़ का चौथा टी२० मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि अंतिम मैच १९ दिसंबर को अहमदाबाद में होगा।









