बारामती विमान हादसा: कम दृश्यता में लैंडिंग के दौरान दुर्घटना, अजित पवार समेत पांच की मौत

IMG-20260128-WA0045

पुणे: केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने बुधवार को कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार को ले जा रहा चार्टर्ड विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के समय बारामती हवाई अड्डे पर दृश्यता काफी कम थी।
बुधवार सुबह बारामती हवाई अड्डे पर हुए इस हादसे में अजित पवार, चालक दल के दो सदस्यों सहित कुल पांच लोगों की मौत हो गई। विमान में सवार सभी लोग दुर्घटना में मारे गए।
नायडू ने बताया कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) और विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की टीमें मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि जब विमान पहली बार लैंडिंग की कोशिश कर रहा था, तब हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) के पूछने पर पायलट ने रनवे दिखाई न देने की जानकारी दी, जिसके बाद विमान ने हवा में चक्कर लगाया।
मंत्री के अनुसार, दूसरी बार लैंडिंग प्रयास के दौरान पायलट ने रनवे दिखाई देने की पुष्टि की, जिसके बाद एटीसी ने लैंडिंग की अनुमति दी। इसके तुरंत बाद विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
नायडू और नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल दिल्ली से पुणे के लिए रवाना हो गए हैं, जहां वे अजित पवार के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। नायडू ने कहा कि हादसे की जांच पारदर्शी तरीके से की जाएगी और सभी पहलुओं की गहन समीक्षा की जा रही है।

About Author

Advertisement