कोचबिहार: राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पहल पर “बांग्लार युवा साथी” परियोजना के लिए आवेदन प्रक्रिया दिनहाटा सहित कोचबिहार जिले के विभिन्न ब्लॉकों में शुरू हो गई है। रविवार को दिनहाटा शहर के विभिन्न वार्डों के इक्कीस से चालीस वर्ष आयु वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियां नगरपालिका पहुंचकर इस सरकारी योजना का लाभ लेने के लिए फॉर्म भरते नजर आए।
इस दौरान नगरपालिका की चेयरमैन अपर्णा दे नंदी, वाइस चेयरमैन सबीर साहा चौधरी सहित कई पार्षद उपस्थित थे। नगरपालिका में शिविर शुरू होने के साथ ही युवा तृणमूल की ओर से भी पास में एक सहायता शिविर लगाया गया, जहां युवक-युवतियों को फॉर्म भरने में सहयोग किया गया।
युवा तृणमूल के शहर ब्लॉक अध्यक्ष पार्थ साहा ने बताया कि राज्य सरकार की इस योजना का लाभ लेने के लिए शहर के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में युवक-युवतियां उत्साह के साथ शिविर में पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने उन्हें फॉर्म भरने में हर संभव सहायता दी।
इधर तुफानगंज और कोचबिहार में भी युवा साथी योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू हुई। तुफानगंज महकमे के तीन शिविरों में कई स्थानों पर लंबी कतारें देखी गईं। जानकारी के अनुसार तुफानगंज एक और दो ब्लॉक के शिविरों के साथ-साथ तुफानगंज नगरपालिका में भी कैंप लगाया गया। पहले ही दिन तीनों शिविरों में कुल दो हजार दो सौ चालीस लोगों ने आवेदन किया।
तुफानगंज एक ब्लॉक के चिलाखाना घोगारकुटी की निवासी मौमिता राय भी योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन करने पहुंची थीं। उन्होंने बताया, “स्नातक करने के बाद मैं बेरोजगार हूं। राज्य सरकार ने युवा साथी योजना के तहत प्रति माह पंद्रह सौ रुपये भत्ता देने की घोषणा की है। यह अच्छा कदम है, लेकिन हम रोजगार की भी मांग करते हैं।”









