काेलकाता: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए १३ और उम्मीदवारों की अपनी चौथी सूची जारी की। पार्टी ने सामाजिक समीकरणों को साधने के तहत हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए संतोष पाठक को चौरंगी सीट से और केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर की पत्नी सोमा ठाकुर को मतुआ बहुल बागदा सीट से मैदान में उतारा है।
भाजपा अब तक पश्चिम बंगाल की २९४ सदस्यीय विधानसभा के लिए कुल २८८ उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। केवल छह सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा बाकी है।
उत्तर २४ परगना जिले की मतुआ बहुल बागदा सीट से भाजपा की उम्मीदवार सोमा ठाकुर, बनगांव के सांसद और केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर की पत्नी हैं। उनकी उम्मीदवारी को चुनाव से पहले मतुआ वोट बैंक को मजबूत करने का प्रयास माना जा रहा है।
संतोष पाठक पांच बार कांग्रेस पार्षद रह चुके हैं। उन्हें मध्य कोलकाता की चौरंगी सीट से उतारा गया है। पाठक औपचारिक रूप से २३ मार्च को भाजपा में शामिल हुए थे। उनके भाजपा में शामिल होने के साथ ही यह कयास लगाये जाने लगे थे कि भगवा पार्टी उन्हें चौरंगी से चुनाव लड़वा सकती है।
भाजपा की यह चौथी लिस्ट है। अभी और छह सीटों के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा बाकी है। पहली सूची में १४४ उम्मीदवारों, दूसरी सूची में ११२ और तीसरी सूची में १९ उम्मीदवारों की घोषणा की गई थी।
पार्टी द्वारा जारी सूची के अनुसार हावड़ा दक्षिण से श्यामल हाटी, नटबाड़ी से गिरिजा शंकर राय, सीताई से आशुतोष वर्मा, मगराहाट पूर्व से उत्तम कुमार बनिक, फाल्टा से देबांशु पांडा, सोनारपुर उत्तर से देवाशीष धर और पांचला सीट से रंजन कुमार पॉल चुनाव लड़ेंगे।
पश्चिम बंगाल की २९४ सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान २३ और २९ अप्रैल को कराया जाएगा, जबकि मतगणना ४ मई को होगी।











