बंगाल चुनाव के लिए बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक दिल्ली में, उम्मीदवार चयन पर चर्चा

bjp_flag_81222_1200

काेलकाता: पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कोर ग्रुप की बैठक आयोजित होगी। बैठक दोपहर ३ बजे होगी, जिसमें बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और पश्चिम बंगाल बीजेपी के कोर ग्रुप के नेता उपस्थित रहेंगे। बैठक में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम पर मंथन किया जाएगा।
बीजेपी बंगाल के मुद्दों को लेकर लगातार तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर निशाना साध रही है। मंगलवार को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने तीखी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि बंगाल में कानून का शासन समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा, “राज्य सरकार न्यायपालिका, चुनाव आयोग और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का सम्मान नहीं करती। राज्य में एसआईआर से उत्पन्न स्थिति के लिए बंगाल सरकार खुद जिम्मेदार है।”
जेपी नड्डा ने टीएमसी नेता सुखेन्दु शेखर राय के आरोप का जवाब देते हुए कहा, “कैसे और क्यों एक महिला मुख्यमंत्री को लगातार परेशान किया जा रहा है और इतने कठोर कदम उठाए जा रहे हैं? यह इसलिए हो रहा है क्योंकि बंगाल ऐसा राज्य बन गया है जहाँ नियम-कानून गायब हैं। कानून का शासन पूरी तरह खत्म हो गया है। वहां लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और राजनीतिक मर्यादाओं का सम्मान नहीं है। न्यायपालिका को भी धमकाया गया है।”
नड्डा ने आरोप लगाया कि हाल ही में एक महिला मुख्यमंत्री ने देश की महिला राष्ट्रपति का अपमान किया है। “कानून के प्रति कोई सम्मान नहीं है, न्यायपालिका का कोई सम्मान नहीं है, चुनाव आयोग का कोई सम्मान नहीं है, और सबको धमकाया जा रहा है। यह उनकी अपनी हरकत है। केंद्र सरकार कानून के शासन के आधार पर काम करती है, इसलिए यह स्थिति उत्पन्न हुई है।”
बैठक में उम्मीदवार चयन और बंगाल चुनाव की रणनीति तय करने की तैयारी की जा रही है।

About Author

Advertisement