फीफा वर्ल्ड कप २०२६ के लिए बोस्निया, स्वीडन, चेक गणराज्य और तुर्किये क्वालीफाई, इटली बाहर

IMG-20260401-WA0083

नई दिल्ली: फीफा वर्ल्ड कप २०२६ के लिए बोस्निया एंड हर्जेगोविना, स्वीडन, चेक गणराज्य और तुर्किये ने क्वालीफाई कर लिया है, जबकि चार बार की चैंपियन इटली को बड़ा झटका लगा है। इटली लगातार तीसरी बार वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करने में असफल रही।
मंगलवार रात खेले गए यूरोपीय प्लेऑफ मुकाबले में इटली को बोस्निया एंड हर्जेगोविना के खिलाफ पेनल्टी शूटआउट में १-४ से हार का सामना करना पड़ा। निर्धारित समय और अतिरिक्त समय तक मैच १-१ की बराबरी पर था, लेकिन पेनल्टी में इटली दबाव झेल नहीं सकी। इस हार के साथ इटली ने इतिहास में पहली बार लगातार तीन वर्ल्ड कप से बाहर रहने का निराशाजनक रिकॉर्ड बना दिया।
मैच में इटली ने शानदार शुरुआत की और १५वें मिनट में मोइज़े कीन ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि, हाफ टाइम से ठीक पहले मैच का रुख बदल गया जब डिफेंडर एलेस्सांद्रो बास्तोनी को खतरनाक फाउल के लिए रेड कार्ड मिला। इसके बाद इटली को १० खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।
दूसरे हाफ में संख्यात्मक बढ़त का फायदा उठाते हुए बोस्निया ने लगातार दबाव बनाया और ७९वें मिनट में हैरिस तबाकोविच ने गोल कर स्कोर १-१ कर दिया। अतिरिक्त समय में भी कोई निर्णायक गोल नहीं हुआ और मैच पेनल्टी तक पहुंचा।
पेनल्टी शूटआउट में बोस्निया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने पहले चारों प्रयास सफल किए, जबकि इटली अपने पहले और तीसरे प्रयास में चूक गई। अंत में एस्मीर बजराकतारेविच ने निर्णायक पेनल्टी लेकर टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई।
इटली के लिए यह हार उसके फुटबॉल इतिहास के सबसे खराब दौरों में से एक मानी जा रही है। २००६ में आखिरी बार वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम 2014 के बाद से टूर्नामेंट में जगह नहीं बना सकी है। मौजूदा कोच जेन्नारो गट्टूसो भी टीम को इस संकट से उबारने में असफल रहे हैं।
दूसरी ओर, बोस्निया के लिए यह ऐतिहासिक उपलब्धि है। टीम ने २०१४ के बाद पहली बार और कुल मिलाकर दूसरी बार वर्ल्ड कप में जगह बनाई है। अब वह ग्रुप बी में कनाडा, स्विट्जरलैंड और कतर से भिड़ेगी।
अन्य मुकाबलों में चेक गणराज्य ने डेनमार्क को पेनल्टी शूटआउट में ३-१ से हराकर क्वालीफाई किया। स्वीडन ने पोलैंड को ३-२ से हराया, जबकि तुर्किये ने कोसोवो को १-० से पराजित कर वर्ल्ड कप का टिकट हासिल किया।

About Author

Advertisement