फाइनल में शी यूकी से हारकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा आयुष शेट्टी को

IMG-20260412-WA0070

निंग्बो (चीन): भारत के २० वर्षीय युवा शटलर आयुष शेट्टी को बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में रजत पदक से संतोष करना पड़ा। रविवार को खेले गए फाइनल में उन्हें चीन के शी यूकी ने लगातार गेमों में २१-८, २१-१० से हराया। यह मुकाबला केवल ४२ मिनट तक चला।
इस हार के बावजूद आयुष ने इतिहास रच दिया। वे इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के पुरुष एकल फाइनल में पहुंचने वाले पहले भारतीय और समग्र रूप से इतिहास के दूसरे भारतीय खिलाड़ी बने। इससे पहले १९६५ में दिनेश खन्ना ने स्वर्ण पदक जीता था। हालांकि आयुष उस इतिहास को दोहरा नहीं सके, लेकिन उन्होंने रजत पदक जरूर हासिल किया।
आयुष इस टूर्नामेंट के पुरुष एकल में पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय भी बने हैं। इससे पहले २०१८ में एचएस प्रणय ने कांस्य पदक जीता था। भारत ने इस टूर्नामेंट में पिछली बार २०२३ में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष युगल जोड़ी के जरिए खिताब जीता था।
विश्व रैंकिंग में २५वें स्थान पर काबिज आयुष का यह प्रदर्शन किसी संयोग से कम नहीं है। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में विश्व नंबर ४ जोनाथन क्रिस्टी को २३-२१, २१-१७ से हराया था। इसके अलावा उन्होंने चीनी ताइपे के चिन यू जेन और चीन के ली शी फेंग जैसे मजबूत खिलाड़ियों को भी मात दी।
सेमीफाइनल में भी आयुष ने बड़ा उलटफेर करते हुए विश्व नंबर १ कुनलावुत वितिदसार्न के खिलाफ शानदार वापसी की और १०-२१, २१-१९, २१-१७ से जीत दर्ज की।
टूर्नामेंट में अन्य भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। पीवी सिंधु दूसरे दौर में ही बाहर हो गईं, जबकि लक्ष्य सेन पहले दौर में हारकर बाहर हो गए।

About Author

Advertisement