कोलकाता: दुर्गा पूजा की धूम के बीच बंगाल में बारिश की आशंका ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नवान्न में उपस्थित न होकर भी अपने आवास से लगातार हालात पर नजर रख रही हैं। वह प्रतिदिन मुख्य सचिव डॉ. मनोज पंत और वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क में हैं।
मौसम विभाग के अनुसार नवमी पर निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे दशमी और एकादशी पर भारी वर्षा हो सकती है। मछुआरों को १ अक्टूबर तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन और जिला प्रशासन को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। २६ सितम्बर से ७ अक्टूबर तक कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा। वरिष्ठ अधिकारी चौबीसों घंटे निगरानी में तैनात हैं।
हाल की भारी वर्षा से कोलकाता के कई हिस्से जलमग्न हो गए थे, लेकिन प्रशासन ने तुरंत हालात काबू में कर लिया। मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि त्योहारों में किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए पूरी तैयारी है।









