नई दिल्ली: भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज गोलकीपर पीआर श्रीजेश एक बार फिर जूनियर पुरुष हॉकी टीम के कोच पद के लिए आवेदन करने वाले हैं। श्रीजेश का कार्यकाल पिछले वर्ष दिसंबर में समाप्त हुआ था, लेकिन उन्होंने इस पद के लिए पुनः आवेदन किया है। मुख्य कोच की नियुक्ति जल्द ही होने की संभावना है।
दो बार के ओलंपिक कांस्य पदक विजेता श्रीजेश को अगस्त २०२४ में जूनियर पुरुष टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया था। उनके मार्गदर्शन में भारत ने दिसंबर में चेन्नई में आयोजित एफआईएच पुरुष जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप में कांस्य पदक जीता। श्रीजेश ने कहा, “वर्ल्ड कप के बाद २१ दिसंबर को मेरा अनुबंध समाप्त हो गया और उसके बाद मैं अपने केरल स्थित गृह नगर में था। विज्ञापन आने के बाद मैंने फिर से आवेदन किया। मुझे पता है कि अन्य ६-७ उम्मीदवारों ने भी आवेदन किया है। मैं फिलहाल सकारात्मक घोषणा का इंतजार कर रहा हूँ। मैंने अपने कोचिंग अनुभव के आधार पर बहुत कुछ सीखा है और खिलाड़ियों के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव साझा किया है। मुख्य कोच के रूप में मेरा सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा, लेकिन वर्ल्ड कप में कांस्य पदक जीतना खास रहा। हमारा लक्ष्य स्वर्ण पदक था, लेकिन कांस्य जीतकर भी खुशी है। संन्यास के बाद मेरा उद्देश्य खेल को कुछ वापस देना था और जूनियर खिलाड़ियों के साथ अनुभव साझा करने से बेहतर कुछ हो ही नहीं सकता।”










