पाकिस्तान का भारत के खिलाफ टी२० विश्व कप मैच को लेकर फिर से विचार करने का प्रयास

ur2jj2mc_icc-t20-world-cup-trophy-ians_625x300_03_February_26

कराचीः बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष अमीन उल इस्लाम पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के बीच वर्चुअल बैठक से पहले लाहौर पहुँच गए हैं। यह बैठक पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ टी२० विश्व कप मैच के प्रस्तावित बहिष्कार पर जारी गतिरोध को सुलझाने के लिए हो रही है।
पूर्व टेस्ट क्रिकेटर अमीन ने लाहौर में पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी से मुलाकात की और उम्मीद जताई जा रही है कि वह वर्चुअल चर्चा में हिस्सा लेंगे। इस बैठक का उद्देश्य पाकिस्तान को १५ फरवरी को होने वाले टी२० विश्व कप मैच में भारत के खिलाफ नहीं खेलने के अपने फैसले पर फिर से विचार करने के लिए मनाना है।
नकवी ने भारत मैच के बहिष्कार के सरकार के निर्देशों पर ज्यादा टिप्पणी नहीं की है, लेकिन एक विश्वसनीय सूत्र के मुताबिक श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) द्वारा पीसीबी को एक ईमेल भेजे जाने के बाद स्थिति में बदलाव आया है। इस ईमेल में पाकिस्तान से बहिष्कार खत्म करने की अपील की गई थी।
आईसीसी के सीईओ संजोग गुप्ता ने भी श्रीलंका के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा से मिलने कोलंबो का दौरा किया। सिल्वा ने नकवी को भारत के खिलाफ मैच खेलने के लिए एक ईमेल भेजा था। आईसीसी पहले ही पाकिस्तान से यह स्पष्ट करने के लिए कह चुका है कि ‘फोर्स मेज्योर’ (अपरिहार्य कारणों से अनुबंध की शर्तें पूरी नहीं कर पाना) नियम का इस्तेमाल कैसे किया जा सकता है। पाकिस्तान इस नियम का इस्तेमाल कर भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार करना चाहता था।
अब स्थिति में बदलाव आया है, क्योंकि पीसीबी ने आईसीसी से बातचीत के लिए संपर्क किया है। आईसीसी इस मामले को सकारात्मक तरीके से सुलझाने के लिए पीसीबी के साथ बातचीत कर रहा है। आईसीसी के एक निदेशक ने बताया कि यह मुकाबला आखिरकार होगा।
पाकिस्तान ने बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखाते हुए भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का निर्णय लिया था। बांग्लादेश ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत जाने से मना किया था, जिसके बाद स्कॉटलैंड को प्रतियोगिता में शामिल किया गया था।

About Author

Advertisement