काबुलः अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने शुक्रवार सुबह पाकिस्तान की सेना पर काबुल और दक्षिणी प्रांत कंधार में रात भर जारी हवाई हमलों में नागरिकों के घरों को निशाना बनाने का आरोप लगाया। तालिबान सरकार ने कहा कि हमले में कम से कम चार आम नागरिक मारे गए हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संयम बरतने की अपील के बावजूद दोनों पड़ोसी देशों के बीच लड़ाई का यह तीसरा सप्ताह है। सरकारी प्रवक्ता जबिहुल्ला मुजाहिद ने बताया कि पाकिस्तान के विमान ने कंधार हवाई अड्डे के पास स्थित निजी एयरलाइन के ईंधन भंडार केंद्र पर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि यह कंपनी नागरिक विमानों के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र के विमान को ईंधन की आपूर्ति करती है। पाकिस्तान की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
फरवरी के आखिर से ही पाकिस्तान और अफगानिस्तान एक-दूसरे के सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहे हैं। अफगानिस्तान ने कहा कि उसने सीमा पर पाकिस्तानी हमलों के जवाब में पाकिस्तानी चौकियों को निशाना बनाकर हमले किए थे। पाकिस्तान का कहना है कि उसके अभियानों में सीमा पर मौजूद पाकिस्तानी तालिबान और उनके समर्थक नेटवर्क को निशाना बनाया गया।
दोनों पक्षों ने भारी नुकसान पहुंचाने का दावा किया है। अफगानिस्तान के प्रवक्ता खालिद जादरान ने बताया कि काबुल में बच्चों समेत कम से कम चार नागरिक मारे गए और १५ अन्य घायल हुए।
यह हमला चीन के विशेष दूत की काबुल यात्रा और पाकिस्तान में समकक्ष से मुलाकात के एक दिन बाद हुआ। पाकिस्तान के विशेष दूत ने हमलों से पहले आतंकवादी समूहों के खतरे और स्थायी शांति सुनिश्चित करने पर चर्चा की थी।










