मुंबई: गणतंत्र दिवस से पहले रिलीज़ होते ही ‘बॉर्डर २’ ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त छलांग लगाई है। सनी देओल की देशभक्ति ने ‘धुरंधर’ में रणबीर की मौजूदगी को कड़ी टक्कर दी। नॉस्टैल्जिया जगाते हुए वरुण धवन की वापसी से ‘छावा’ को भी अपनी बादशाहत गंवानी पड़ी।
अनुमान पहले से ही लगाया जा रहा था कि रिलीज़ के दिन ही ‘बॉर्डर’ के सीक्वल का दबदबा रहेगा और फिल्म कम से कम ३० करोड़ रुपये की कमाई करेगी। यह अनुमान सही साबित हुआ। ओपनिंग डे पर अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने जीत का परचम लहराया। जानकारी के मुताबिक, रिलीज़ के दिन फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ३२.१० करोड़ रुपये का कारोबार किया।
पिछले साल विक्की कौशल की सुपरहिट फिल्म ‘छावा’ ने पहले दिन ३३.१० करोड़ रुपये की कमाई की थी। वहीं हिंदी सिनेमा के तमाम रिकॉर्ड तोड़ने वाली ‘धुरंधर’ की ओपनिंग डे कमाई ३३.६९ करोड़ रुपये रही थी। बीते साल की इन दोनों ब्लॉकबस्टर फिल्मों के क़रीब पहुँचने के बावजूद सनी देओल अपनी पिछली फिल्म से कुछ पीछे ही रहे। पहले दिन की कमाई के मामले में अब भी ‘गदर २’ शीर्ष पर है, जिसने रिलीज़ के दिन ४० करोड़ रुपये बटोरे थे।
हालांकि निर्देशक अनुराग सिंह को उम्मीद है कि आने वाले तीन दिनों में ‘बॉर्डर २’ सारे रिकॉर्ड तोड़ देगी। शनिवार-रविवार के साथ-साथ गणतंत्र दिवस की छुट्टी में भी इस देशभक्ति फिल्म को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह रहेगा। निर्माताओं को उम्मीद है कि सोमवार तक १९७१ के भारत–पाक युद्ध पर आधारित ‘बॉर्डर २’ १५० करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर जाएगी।
उल्लेखनीय है कि ‘धुरंधर’ की तरह पाकिस्तान-विरोधी कथानक के चलते ‘बॉर्डर २’ को संयुक्त अरब अमीरात के कई देशों में प्रतिबंधित कर दिया गया है। बहरीन, कुवैत, ओमान, क़तर और सऊदी अरब में सनी देओल, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ की यह फिल्म रिलीज़ नहीं हो रही है।
बताया जा रहा है कि निर्माताओं ने मध्य-पूर्व के देशों में रिलीज़ के लिए प्रयास भी किए थे, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान-विरोधी कई संवादों के कारण ही इन देशों ने ‘बॉर्डर २’ के प्रदर्शन से इनकार किया है। हालांकि इसके बावजूद निर्माता फिल्म के कारोबार पर किसी नकारात्मक असर की उम्मीद नहीं कर रहे हैं।








