नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है। सेमीफाइनल में बंगाल जैसी मजबूत टीम को ६ विकेट से हराकर जम्मू-कश्मीर ने पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में प्रवेश किया है।
कल्याणी स्थित बंगाल क्रिकेट अकादमी ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने दूसरी पारी में केवल ४ विकेट गंवाकर १२६ रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। पहली पारी में ८ विकेट लेने वाले बंगाल के प्रमुख तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी दूसरी पारी में सिर्फ १ विकेट ही ले सके।
जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल ९ विकेट झटके (पहली पारी में ५ और दूसरी पारी में ४)। उन्होंने टीम की पहली पारी में महत्वपूर्ण ४२ रन भी बनाए।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बंगाल ने सुदीप कुमार के शतक की बदौलत ३२८ रन बनाए। इसके जवाब में जम्मू-कश्मीर की पहली पारी ३०२ रन पर सिमट गई, जिससे बंगाल को पहली पारी के आधार पर २६ रन की बढ़त मिली।
पहली पारी में बढ़त हासिल करने के बाद बंगाल की दूसरी पारी पूरी तरह विफल रही और टीम मात्र ९९ रन पर सिमट गई। इसके बाद जम्मू-कश्मीर ने १२६ रन का लक्ष्य हासिल कर सेमीफाइनल में जीत दर्ज करते हुए इतिहास रच दिया।
जम्मू-कश्मीर की दूसरी पारी में वंशज शर्मा ने नाबाद ४३ रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। इसके अलावा अब्दुल समद ने नाबाद ३० और शुभम पुंदिर ने २७ रन का योगदान दिया।











