कोलकाता: पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर केंद्रीय अर्धसैनिक बलों (सीएपीएफ) की गतिविधियां तेज हो गई हैं। विभिन्न जिलों में सीएपीएफ और राज्य पुलिस के साथ संयुक्त ब्रीफिंग, प्रशिक्षण और कॉन्फिडेंस बिल्डिंग मेजर्स (सीबीएम) आयोजित किए जा रहे हैं ताकि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनी रहे। यह जानकारी पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारीके कार्यालय ने शुक्रवार को दी।
पूर्व बर्दवान, उत्तर २४ परगना, पश्चिम बर्दवान और बांकुड़ा समेत कई जिलों में सीएपीएफ और स्थानीय प्रशासन के बीच संयुक्त ब्रीफिंग और प्रशिक्षण आयोजित किए गए। सीमावर्ती जिलों अलीपुरदुआर, कूच बिहार और दक्षिण दिनाजपुर में भी सुरक्षा तैयारियों और केंद्रीय बलों की सक्रियता बढ़ाई गई है।
साथ ही सीईओ पश्चिम बंगाल के नेतृत्व में कुल लगभग २१४६ चुनाव अधिकारियों को ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें विधानसभा चुनाव से जुड़े प्रशासनिक और तकनीकी पहलुओं पर ध्यान दिया गया। चुनाव आयोग का मानना है कि इन तैयारियों से मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से होगी।








