कोलकाता: कोलकाता में चुनावी कार्यक्रम घोषित होते ही पश्चिम बंगाल में प्रशासनिक स्तर पर व्यापक बदलाव किए गए हैं। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदान कार्यक्रम की घोषणा के तुरंत बाद राज्य सरकार ने कई अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी कर दिए। नवान्न से जारी अधिसूचना के अनुसार ३० डब्ल्यूबीसीएस (एक्जीक्यूटिव) अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सरकारी विज्ञप्ति में बताया गया कि यह आदेश १३ मार्च को ही जारी किया गया था, जिसे १६ मार्च को सार्वजनिक किया गया। प्रशासनिक एवं कार्मिक विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि यह फेरबदल जनहित में प्रशासनिक कार्यों को अधिक तेज और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है।
तबादलों के तहत अनंतचंद्र सरकार को उत्तर दिनाजपुर का अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट बनाया गया है, जबकि पुष्पक राय को भी उसी जिले में एडीएम के रूप में नियुक्त किया गया है। आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के विष्णुब्रत भट्टाचार्य को मुर्शिदाबाद में एडीएम की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा सुदीप्त दास को नदिया और शुभलक्ष्मी बसु तथा ब्रिजित सुचिता कुजूर को उत्तर २४ परगना में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार का कहना है कि चुनाव से पहले प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए यह कदम उठाया गया है।









