कोलकाता: निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल सरकार को निर्देश दिया है कि चुनाव संबंधी कार्यों से सीधे जुड़े सभी पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण और तैनाती १५ फ़रवरी तक अनिवार्य रूप से पूरी की जाए। राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव तीन महीने से भी कम समय में संभावित हैं।
पश्चिम बंगाल के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी (एसीईओ) के कार्यालय ने इस संबंध में राज्य के गृह सचिव को पत्र लिखकर बताया कि यह निर्देश १२ जनवरी को जारी किए गए पूर्व पत्र के क्रम में दिया गया है। पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि चुनाव से प्रत्यक्ष रूप से जुड़े पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण एवं तैनाती की प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी होनी चाहिए।
पत्र में कहा गया है, “आपसे अनुरोध करने का निर्देश दिया गया है कि चुनाव से सीधे जुड़े पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण एवं तैनाती १५ फ़रवरी तक अवश्य पूरी कर ली जाए।” इसके साथ ही यह भी निर्देश दिया गया है कि अनुपालन रिपोर्ट तत्काल निर्वाचन आयोग को अग्रेषित की जाए।
निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस पत्र की एक प्रति अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (कानून-व्यवस्था) और राज्य पुलिस नोडल अधिकारी को भी सूचना एवं आवश्यक अनुवर्ती कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
उल्लेखनीय है कि चुनाव से जुड़े पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण निर्वाचन आयोग के मानक प्रावधानों का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित करना है।










