पश्चिम बंगाल में एसआईआर शुरू, पहले ही दिन १८ लाख घरों में फॉर्म वितरित

कोलकाताः पश्चिम बंगाल में निर्वाचन आयोग द्वारा शुरू किए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत पहले ही दिन करीब १८ लाख मतदाताओं के घरों तक जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित किए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात तक घर-घर जाकर फॉर्म वितरण का कार्य सुचारु रूप से जारी रहा। इस अभियान के तहत मतदाताओं को डुप्लिकेट एन्यूमरेशन फॉर्म दिए जा रहे हैं, जिससे मतदाता सूची में नामों को अद्यतन करने में मदद मिलेगी।
राज्यभर में ८०,६८१ बूथ लेवल अफसर (बीएलओ) तैनात किए गए हैं, जबकि विभिन्न राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के ६३ हजार से अधिक बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) सक्रिय हैं। जिला निर्वाचन अधिकारियों ने सभी दलों से आग्रह किया है कि प्रत्येक बूथ पर अधिकतम एक ही बीएलए नियुक्त किया जाए।
वर्तमान में पश्चिम बंगाल में ७ करोड़ ६६ लाख ३७ हजार ५२९ पंजीकृत मतदाता हैं। राज्य के सभी २९४ विधानसभा क्षेत्रों में इन सभी मतदाताओं तक फॉर्म पहुँचाने का कार्य शुरू हो चुका है। २००२ के अंतिम व्यापक पुनरीक्षण के दौरान नाम दर्ज कराने वाले मतदाताओं को आवश्यक विवरण भरकर ही फॉर्म वापस जमा करने की व्यवस्था की गई है।
इसी बीच, चुनाव आयोग की तीन सदस्यीय केंद्रीय टीम १९ से २२ नवंबर तक उत्तर बंगाल के कूचबिहार, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जिलों का दौरा करेगी। इस टीम के साथ पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल भी रहेंगे।

About Author

Advertisement