पश्चिम बंगाल के डाकघर और कोलकाता पासपोर्ट केंद्र में बम धमकी, सुरक्षा हाई अलर्ट

GPO+East

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के कई डाकघर और कोलकाता के पासपोर्ट सेवा केंद्र को बृहस्पतिवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी के बाद परिसर तुरंत खाली कराए गए और व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। अधिकारियों के अनुसार, धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई थी।
हावड़ा के महात्मा गांधी रोड स्थित डाकघर, जहां पासपोर्ट सेवाएं भी उपलब्ध हैं, प्रमुख निशाने पर था। प्राप्त ईमेल में दावा किया गया था कि इमारत में बम रखा गया है। धमकी के बाद हावड़ा पुलिस ने इलाके को घेर लिया और सभी कर्मचारियों तथा आगंतुकों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने बम निरोधक दस्ते और श्वान दस्ते के साथ तलाशी अभियान चलाया।
हावड़ा डाकघर के एक कर्मचारी ने कहा, “हम काम कर रहे थे तभी हमें धमकी भरे ईमेल के बारे में पता चला। सभी को तुरंत बाहर जाने के लिए कहा गया।”
पश्चिम बर्धमान जिले के आसनसोल और पूर्वी बर्धमान जिले के कटवा के डाकघर में भी इसी तरह की धमकी मिली। डाक विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ईमेल के माध्यम से कर्मचारियों से परिसर खाली करने का अनुरोध किया गया। धमकी के कारण कर्मचारी और आवेदक भयभीत होकर बाहर निकल गए, जिससे सेवाएं तुरंत निलंबित कर दी गईं।
पुलिस ने कहा कि सभी प्रभावित स्थानों पर तलाशी अभियान जारी है। फिलहाल कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है, लेकिन राज्यभर के प्रमुख सरकारी कार्यालयों और डाक केंद्रों में ‘हाई अलर्ट’ जारी कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि ईमेल के स्रोत का पता लगाने के प्रयास जारी हैं और यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि क्या ये धमकियां हाल ही में पश्चिम बंगाल की दीवानी अदालतों में हुई झूठी बम धमकी से जुड़ी हैं।

About Author

Advertisement