पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच यूएई ने हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद किया

dubai-airport-

दुबई: पश्चिम एशिया में लगातार बढ़ रहे युद्ध के बीच संयुक्त अरब एमिरेट्स (यूएई) ने मंगलवार को अपना हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद कर दिया। हालांकि, यह प्रतिबंध जल्द ही हटा लिया गया।
यूएई की सेना ईरान की ओर से दागे जा रहे ड्रोन और मिसाइलों से निपटने की कोशिश कर रही है। इसी प्रयास के दौरान मंगलवार तड़के दुबई में विस्फोटों की आवाजें सुनाई दीं, जिसके कारण हवाई क्षेत्र को अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला लिया गया।
सरकारी समाचार एजेंसी ‘डब्ल्यूएएम’ ने यूएई के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के हवाले से बताया कि यह प्रतिबंध जल्द ही हटा लिया गया। अधिकारियों ने कहा कि “हालात स्थिर” हो गए हैं, जिससे उड़ानें फिर से शुरू हो गईं। इससे पहले अधिकारियों ने दुबई के लोगों को मिसाइल हमले की चेतावनी जारी की थी, तभी दुबई में धमाकों की आवाजें सुनाई दीं क्योंकि सेना हमलों को रोकने के लिए सक्रिय थी।
डब्ल्यूएएम ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि ड्रोन हमले के कारण फुजैराह में एक तेल टैंकर फार्म में आग लग गई, हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। अचानक हवाई क्षेत्र को बंद करने की घोषणा से स्पष्ट संकेत मिलता है कि यूएई के अधिकारी संतुलित रूप से काम कर रहे हैं ताकि एमिरेट्स और एतिहाद की उड़ानें जारी रह सकें, जबकि ईरान लगातार देश को निशाना बनाकर हमले कर रहा है।
इसी बीच इजराइली सेना ने मंगलवार तड़के ईरान की राजधानी पर बड़े पैमाने पर हमले शुरू करने की घोषणा की और लेबनान में ईरान समर्थित चरमपंथी समूह हिजबुल्ला पर भी हमले तेज कर दिए। इजराइल ने ईरान की ओर से दो हमलों की सूचना मिलने के बाद इन नए हमलों की घोषणा की।

About Author

Advertisement