नई दिल्ली: मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी द्वारा कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा के खिलाफ दर्ज एफआईआर के सन्दर्भ मे असम पुलिस की एक टीम मंगलवार को दिल्ली स्थित पवन खेड़ा के आवास पर पहुंची।
असम पुलिस टीम के सदस्य अपर पुलिस आयुक्त ने बताया कि गुवाहाटी के अपराध शाखा थाने में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि खेड़ा की तलाश में टीम उनके घर पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिले। तलाशी के दौरान कुछ आपत्तिजनक सामग्री मिलने का दावा करते हुए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, पवन खेड़ा पहले ही दिल्ली से हैदराबाद के लिए रवाना हो चुके हैं, हालांकि उनकी यात्रा का उद्देश्य स्पष्ट नहीं है।
गौरतलब है कि हाल ही में पवन खेड़ा ने मुख्यमंत्री हिमन्त विश्व सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां पर विदेशी पासपोर्ट और अमेरिका तथा यूएई में कथित अघोषित संपत्ति रखने के आरोप लगाए थे।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि खेड़ा ने गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनका जवाब दिया जाना चाहिए। वहीं कांग्रेस नेता ने एफआईआर को गैरकानूनी बताते हुए भाजपा पर निशाना साधा।









