माउण्ट मौंगानुइ: दक्षिण अफ्रीका ने रविवार को खेले गए पहले टी२० अंतरराष्ट्रीय मैच में न्यूज़ीलैंड को ७ विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज़ में १-० की बढ़त बना ली।
बे ओवल मैदान पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी न्यूज़ीलैंड की टीम १४.३ ओवर में सिर्फ ९१ रन पर ऑल आउट हो गई। टी२० विश्व कप २०२६ की उपविजेता न्यूज़ीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने ३६ रन तक पहुंचते-पहुंचते पांच विकेट गंवा दिए।
ऑलराउंडर जिमी नीशम ने टीम के लिए सबसे ज्यादा २६ रन बनाए। उन्होंने २१ गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाया। इसके अलावा कप्तान मिचेल सैंटनर और कोल मैककोंची ने १५-१५ रन का योगदान दिया।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से एन्कोबानी मोकोएना ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। वहीं गेराल्ड कोएत्जी, ओटनील बार्टमैन और केशव महाराज को दो-दो विकेट मिले।
लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने १६.४ ओवर में तीन विकेट खोकर ९३ रन बनाते हुए मैच जीत लिया। ओपनर कोनर एथरहुईजेन ने नाबाद ४५ रन की पारी खेली। विकेटकीपर बल्लेबाज़ ने ४८ गेंदों में दो चौके और दो छक्के लगाए।
इसके अलावा डियान फोरेष्टर ने नाबाद १६ रन बनाए, जबकि जेसन स्मिथ १० रन बनाकर आउट हुए।








